विशेषण और विशेषण के भेद के अंतर्गत हम – विशेषण की परिभाषा, प्रविशेषण, विशेषण के भेद – (गुणवाचक विशेषण, परिमाणवाचक विशेषण, संख्यावाचक विशेषण, सार्वनामिक विशेषण), विशेषणों की तुलनावस्था, विशेषण शब्दों की रचना के बारे में पड़ेगे |
“विशेषण” का शाब्दिक अर्थ है – विशेषता उत्पन्न करने वाला या विशेषक
जैसे → हिंदी के नए अध्यापक श्री तरुण गुप्ता है |
→ वे परिश्रमी हैं |
→ वे स्वच्छ वस्त्र पहनकर आते हैं |
→ उनका रंग गोरा है |
→ वे शांत स्वभाव के व्यक्ति हैं |
→ संज्ञा या सर्वनाम शब्दों की विशेषता बताने वाले शब्दों को विशेषण कहते हैं |
विशेष्य → जिस संज्ञा या सर्वनाम शब्द की विशेषता बताई जाती है उसे विशेष्य कहते हैं |
जैसे →
1. राधा सुंदर है |
विशेष्य – राधा
विशेषण – सुंदर
2. आकाश में पाँच पतंग उड़ रही हैं |
विशेष्य – पतंग
विशेषण – पाँच
3. यह इमारत ऊँची है |
विशेष्य – इमारत
विशेषण – ऊँची
प्रविशेषण – विशेषण शब्दों की विशेषता प्रकट करने वाले विशेषणों को प्रविशेषण कहते हैं |
जैसे →
- अर्पित बहुत बुद्धिमान है |
- नीतू बड़ी चतुर है |
- यह समस्या अत्यंत कठिन है |
वाक्य में विशेषण का स्थान
- विशेष्य से पूर्व
- विशेष्य के बाद
विशेष्य से पूर्व →
→ इसे विशेष्य विशेषण कहते हैं |
जैसे → लाल वस्त्र, सुंदर लड़की, ऊँचा पहाड़ |
विशेष्य के बाद →
→ इसे विधेय विशेषण कहते हैं |
जैसे →
1. यह लड़की अच्छी है |
विशेष्य – लड़की
विशेषण – अच्छी
2. यह बालक ईमानदार है |
विशेष्य – बालक
विशेषण – ईमानदार
विशेषण के भेद
1. गुणवाचकविशेषण
→ जो विशेषण किसी संज्ञा या सर्वनाम के गुण, दोष, दशा, रंग, स्थान, आकार आदि का बोध कराते हैं, वे गुणवाचक विशेषण कहलाते हैं |
जैसे→
- टोकरी में ताजे फल रखे हुए हैं |
- मोहन स्वभाव से निर्दयी है |
- चौड़े मैदान के चारों ओर दर्शक बैठे थे |
- यह दही खट्टा है |
- उस पौधे में नीले फूल खिल रहे हैं |
2. परिमाणवाचक विशेषण
→ संज्ञा और सर्वनाम शब्दों की मात्रा और माप-तौल आदि का बोध कराने वाले विशेषणों को परिमाणवाचक विशेषण कहते है |
जैसे – तीन मीटर कपड़ा, तीन किलो आलू, दो लीटर दूध आदि |
परिमाणवाचक विशेषण के प्रकार
- अनिश्चित परिमाणवाचक विशेषण
- निश्चित परिमाणवाचक विशेषण
निश्चित परिमाणवाचक विशेषण→
→ सज्ञा या सर्वनाम शब्दों के निश्चित परिमाण का बोध कराने वाले शब्दों को निश्चित परिमाणवाचक विशेषण कहते हैं |
जैसे – दो किलो आलू दे दो
मोहन चार मीटर कपड़ा लाया |
दुकानदार ने तीन सौ ग्राम चीनी दी |
अनिश्चित परिमाणवाचक विशेषण →
→ जिन विशेषण शब्दों से संज्ञा और सर्वनाम के निश्चित माप-तौल का पता नहीं चलता है उन्हें अनिश्चित परिमाणवाचक विशेषण कहते है |
जैसे – माँ बाजार से थोड़े चावल लेकर आयी |
मोहन ने जरा – सा दूध पिया |
3. संख्यावाचक विशेषण →
जिन विशेषण शब्दों से संज्ञा और सर्वनाम शब्दों की संख्या का बोध होता है, उन्हें संख्यावाचक विशेषण कहते है |
जैसे → एक, दस, पहला, आधा, चौथा, आदि |
संख्यावाचक विशेषण के प्रकार
- निश्चित संख्यावाचक विशेषण
- अनिश्चित संख्यावाचक विशेषण
निश्चित संख्यावाचक विशेषण →
जिन विशेषण से निश्चित संख्या का बोध होता है, वह निश्चित संख्यावाचक विशेषण होता है |
जैसे →
→ मोहन चार केले लाया |
→ मैदान में सात घोड़े दौड़ रहे हैं |
→ मेरी कक्षा में दस बच्चे हैं |
अनिश्चित संख्यावाचक विशेषण→
जिन विशेषणों से निश्चित संख्या का बोध नहीं होता है, वे अनिश्चित संख्यावाचक विशेषण होता हैं |
जैसे →
→ बाढ़ में अनेक मकान डूब गए |
→ कुछ हाथी जंगल में घूम रहे थे |
→ मोहन बाजार से थोड़े अंगूर लाया |
4. सार्वनामिक विशेषण
→ सार्वनामिक विशेषण शब्द संज्ञा शब्दों के ठीक पहले आकर उनकी विशेषता प्रकट करते है |
जैसे→
→ यह लड़का तेज भागता है |
→ इस कबूतर को पिंजरे से निकालो |
→ उस मटके में पानी भरो |
→ जो सर्वनाम विशेषण के रूप में प्रयुक्त होते हैं, उन्हें सार्वनामिक विशेषण कहते हैं |
→ इन्हें संकेतवाचक विशेषण भी कहते हैं |
सर्वनाम और सार्वनामिक विशेषण में अंतर
→ सर्वनाम शब्द संज्ञा शब्दों के स्थान पर आते हैं |
→ सर्वनामिक विशेषण शब्द संज्ञा शब्दों के ठीक पहले आकर उनकी विशेषता प्रकट करते हैं |
जैसे→ इस बालक को पुरस्कार मिला | (इस सर्वनामिक विशेषण)
→ गृह कार्य इसने किया था | (इसने सर्वनाम)
→ यह शहर कपड़ों के लिए प्रसिद्ध है | (यह-सर्वनामिक विशेषण)
→ राधा यह लेगी | (यह-सर्वनाम)
संख्यावाचक और परिमाणवाचक विशेषणों में अंतर
→ संख्यावाचक विशेषणों से संज्ञा तथा सर्वनाम शब्दों की संख्या का पता चलता है |
→ परिमाणवाचक विशेषणों से संज्ञा तथा सर्वनाम की मात्रा, माप – तौल आदि का बोध होता है |
जैसे→ वहाँ आठ लड़कियाँ आयी हैं | (संख्यावाचक विशेषण)
→ दीदी बाजार से चार मीटर कपड़ा लाई | (परिमाणवाचक विशेषण)
→ राम तीन सदूक लाया | (संख्यावाचक विशेषण)
राम आधा किलो मटर लाया | (परिमाणवाचक विशेषण)
विशेषणों की तुलनावस्था
- मूलावस्था
- उत्तरावस्था
- उत्तमावस्था
मूलावस्था → इस अवस्था में किसी वस्तु, व्यक्ति या स्थान की किसी से तुलना नहीं होती |
जैसे → राम ईमानदार है |
→ शालू अच्छी लड़की है |
→ यह लंबा पेड़ है |
उत्तरावस्था → इस अवस्था में दो वस्तुओं या व्यक्तियों के गुण – दोषों की परस्पर तुलना करके एक को दूसरे से श्रेष्ठ या हीन बताया जाता है |
जैसे →
वेदांत, इशान से कुशल चित्रकार है |
प्रमोद, बलबीर से लंबा है |
उत्तमावस्था → इसमें दो से अधिक वस्तुओं, व्यक्तियों या स्थानों की तुलना करके किसी एक को सबसे अच्छा या बुरा बताया जाता है |
जैसे →
चीता सब वन्य पशुओं से तेज़ दौड़ता है |
मोहन सबसे कुशल पत्रकार है |
विशेषण शब्दों की रचना
संज्ञा शब्दों से विशेषणों की रचना →
जैसे = संज्ञा
वर्ष = वर्ष + एक = वार्षिक (विशेषण)
संज्ञा
बुद्धि = बुद्धि + मान = बुद्धिमान (विशेषण)
संज्ञा
बल = बल + वान = बलवान (विशेषण)
सर्वनाम से विशेषणों की रचना →
जैसे
मैं – मुझ – सा
जो – जैसा
वह – वैसा
क्रिया से विशेषण बनाना →
क्रिया
पढ़ना = पढ़ + आकू = पढ़ाकू (विशेषण)
क्रिया
लड़ना = लड़ + आकू = लड़ाकू (विशेषण)
क्रिया
तैरना = तैर + आक = तैराक (विशेषण)
क्रिया
लूटना = लूट + एरा = लुटेरा (विशेषण)
अव्यय से विशेषण बनाना →
जैसे –
अव्यय
भीतर = भीतर + ई = भीतरी (विशेषण)
अव्यय
बाहर = बाहर + ई = बाहरी (विशेषण)
FAQs on Visheshan or Visheshan ke bhed (विशेषण और विशेषण के भेद)
प्र.1. मोहन परिश्रमी है | उक्त वाक्य में विशेषण शब्द बताइए –
उत्तर = परिश्रमी
प्र.2. ‘मोटा आदमी’ उक्त वाक्यांश में से विशेष्य बताइए –
उत्तर = आदमी
प्र.3. विशेषण के कितने प्रकार होते है ?
उत्तर = चार प्रकार होते है |
प्र.4. विवेक चालाक है | उक्त वाक्य में विशेषण का प्रकार बताइए –
उत्तर = गुणवाचक विशेषण
प्र.5. ट्रक दुर्घटना में अनेक यात्रियों को चोटें आई | उक्त वाक्य में विशेषण का कौनसा भेद है ?
उत्तर = अनिश्चित संख्यावाचक विशेषण
प्र.6. अनिता बाजार से तीन मीटर रिबन लेकर आई | उक्त वाक्य में विशेषण का प्रकार बताइए –
उत्तर = निश्चित परिमाणवाचक विशेषण
प्र.7. यह घोड़ा तेज भागता है | उक्त वाक्य में रेखांकित शब्द में विशेषण का भेद बताइए –
उत्तर = सार्वनामिक विशेषण
प्र.8. गिलास में थोड़ा जल है | उक्त रेखांकित शब्दों में विशेषण का भेद बताइए –
उत्तर = अनिश्चित परिमाणवाचक विशेषण
1 thought on “विशेषण और विशेषण के भेद”
wow it is a good thing cause i got full marks for the grammer test..